भारत मौसम विज्ञान केंद्र का बड़ा अलर्ट! उत्तराखंड में 8 सितंबर तक बारिश, कई जगह भारी बारिश की चेतावनी

Uttarakhand Weather | Heavy Rain Alert | IMD Forecast : उत्तराखंड में बारिश का दौर लगातार जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के लिए 3 से 8 सितंबर तक मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं 2 सितंबर को राज्य के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश का भी अनुमान है।

3 से 8 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार 3 सितंबर से मंगलवार 8 सितंबर के बीच उत्तराखंड के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके चलते पहाड़ी क्षेत्रों में पहले से बनी समस्याएं और बढ़ सकती हैं।

उत्तराखंड मौसम विभाग देहरादून की ओर से भी 8 सितंबर तक का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इसके मुताबिक 2 से 8 सितंबर के बीच राज्य के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

इस दौरान कई जगह बादल गरजने के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

पहाड़ों में लगातार बारिश से सड़कें प्रभावित

उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में पिछले कई दिनों से बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण गढ़वाल और कुमाऊं दोनों मंडलों में कई जगह सड़कें बाधित हुई हैं।

संबंधित विभाग बंद सड़कों को खोलने में लगातार जुटे हुए हैं। हालांकि कई स्थानों पर सड़क खोलने के बाद दोबारा भूस्खलन होने से परेशानी बनी हुई है। इसके बावजूद टीमें प्रभावित मार्गों को खोलने का काम कर रही हैं।

बारिश से कई लोगों की गई जान

लगातार बारिश और प्राकृतिक आपदाओं के कारण जान-माल का नुकसान भी हुआ है। कुमाऊं मंडल में प्राकृतिक आपदाओं से अब तक छह लोगों की मौत की जानकारी कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने दी है।

देहरादून जिले में भी बारिश के दौरान अलग-अलग घटनाओं में जान गई है। सोमवार रात एक कार के बह जाने से एक युवक और एक युवती की मौत हुई थी। इसके अलावा देहरादून में उफनते नाले में बहने से एक वैज्ञानिक के 12 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। एक श्रमिक के बेटे की भी नहर में गिरने से जान चली गई।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए आने वाले दिनों में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *