SubodhUniyal | DalerMehndi | Uttarakhand : पंजाबी गायक दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच शुरू हुआ विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। मंत्री ने अपने ताजा बयान में साफ कर दिया है कि वह इस मामले में माफी मांगने के बजाय पद से इस्तीफा देना पसंद करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके लिए आत्मसम्मान सबसे ऊपर है और वह इससे समझौता नहीं करेंगे।
एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान सुबोध उनियाल ने कहा कि अगर पार्टी नेतृत्व भी उनसे माफी मांगने के लिए कहता है….तब भी वह माफी मांगने के बजाय इस्तीफा देना पसंद करेंगे। उनके इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और सार्वजनिक हलकों में विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया है।
पूरा मामला 18 अक्टूबर को टिहरी में आयोजित कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या का है। यहां दलेर मेहंदी को मंच पर प्रस्तुति देनी थी। कार्यक्रम के दौरान उनकी आवाज लड़खड़ाने पर मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच से ही उन्हें टोक दिया था। मंत्री ने उनकी प्रस्तुति पर सवाल उठाते हुए कहा था कि दर्शकों के मनोरंजन के लिए कलाकार को बेहतर प्रदर्शन करना चाहिए।
इस दौरान दलेर मेहंदी ने भी जवाब देते हुए मंत्री से पंडाल में बैठने का आग्रह किया था। इसके बाद दोनों के बीच हुई बातचीत चर्चा का विषय बन गई।
विवाद बढ़ने के बाद सुबोध उनियाल ने अपनी बात रखते हुए कहा था कि कार्यक्रम के लिए दलेर मेहंदी को 35 लाख रुपये दिए गए थे और उनके ठहरने की अलग व्यवस्था भी की गई थी। मंत्री ने दावा किया था कि प्रस्तुति उम्मीद के मुताबिक नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें उस समय लगा कि गायक की तबीयत ठीक नहीं है…हालांकि बाद में उन्हें उनकी खराब सेहत की जानकारी मिली।
मामले के सामने आने के बाद गायक मीका सिंह और कॉमेडियन कपिल शर्मा सहित कई लोगों ने मंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया दी थी। विवाद बढ़ने के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीका सिंह और दलेर मेहंदी से फोन पर बातचीत की थी। मुख्यमंत्री ने आपसी संवाद के जरिए गलतफहमियां दूर करने की बात कही थी।
अब सुबोध उनियाल के नए बयान ने इस पूरे मामले को फिर चर्चा में ला दिया है। मंत्री ने अपने रुख से पीछे हटने के संकेत नहीं दिए हैं।












Leave a Reply