हल्द्वानी: पत्रकार ने खबर दिखाई तो भेजा नोटिस, अब पत्रकारों ने भेजा सीएम को ज्ञापन

Haldwani: Ramnagar: हल्द्वानी में अतिक्रमण से जुड़ी जनहित की खबर के बाद नाराज स्कूल संचालक ने खबर लिखने वाले पत्रकार संजय पाठक को ही निशाना बना दिया। दबाव में लेने के लिए पहले नोटिस भेजे और एसीजेएम कोर्ट में क्रिमिनल केस का नोटिस भेजा गया।

“प्रेस 15 न्यूज” के संपादक संजय पाठक को रामपुर रोड पंचायत घर स्थित माउंट लीटेरा जी स्कूल के संचालक गिरजेश पांडे की ओर से दिए गए नोटिस और दबाव बनाने की कोशिश के विरोध में बुधवार को रामनगर में पत्रकारों ने जोरदार हल्ला बोला।

आक्रोशित पत्रकारों ने एसडीएम गोपाल सिंह चौहान के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपकर अतिक्रमण के आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि हल्द्वानी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार द्वारा जनहित से जुड़े मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया था, जिसमें स्थानीय स्तर पर अतिक्रमण और अव्यवस्थाओं को उजागर किया गया।खबर के प्रकाशन के बाद संबंधित व्यक्ति द्वारा पत्रकार पर दबाव बनाने, सोशल मीडिया में धमकी देने और कानूनी नोटिस भेजने जैसी कार्रवाई की गई, जो न केवल अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है, बल्कि पत्रकारिता की निष्पक्षता को भी प्रभावित करता है।

पत्रकारों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए खतरा हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में पत्रकारों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने की भी मांग उठाई गई।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि यदि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को कमजोर करने का काम करेगा, जो बेहद चिंताजनक है।

इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार मयंक मैनाली (संपादक, कुमाऊं क्रांति समाचार), राहुल सिंह दरमवाल, गौरव मैंदोलिया (द संडे पोस्ट), संजय मेहता (इंडिया लाइव 24×7) और एडवोकेट राजेश शर्मा मौजूद रहे।

कर्नाटक हादसे में उत्तराखंड के युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Ranikhet News | Road Accident | Uttarakhand Youth | Karnataka Accident | Tragic News : कर्नाटक में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने उत्तराखंड के रानीखेत में शोक की लहर दौड़ा दी है। यहां के एक होनहार युवक की कार दुर्घटना में मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

कार्तिकेय उत्तर प्रदेश के पूर्व एमएलसी स्वर्गीय बीडी शर्मा के प्रपौत्र और कांग्रेसी नेता त्रिभुवन शर्मा के पुत्र थे। वह परिवार के इकलौते बेटे थे और कर्नाटक के एक संस्थान से होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि कार्तिकेय अपने दो दोस्तों के साथ किसी काम से कार में निकले थे…तभी वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई।

हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उस समय परिजन हल्द्वानी में एक समारोह में शामिल थे। सूचना मिलते ही वे कर्नाटक के लिए रवाना हुए…लेकिन तब तक कार्तिकेय दम तोड़ चुके थे।

बुधवार को कर्नाटक में ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

कार्तिकेय के निधन से रानीखेत में शोक की लहर है। विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

हल्द्वानी के बनभूलपुरा में 8 साल तक चलता रहा खेल, बिना मान्यता के दो स्कूल अब बंद

Haldwani News | Banbhoolpura School Scam | Education Department Action | Fake School Case | Uttarakhand News : शहर के बनभूलपुरा क्षेत्र से शिक्षा व्यवस्था को झकझोर देने वाला बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक खंडहरनुमा भवन में नियमों को दरकिनार कर दो स्कूलों का संचालन किया जा रहा था…जो पिछले आठ वर्षों से बिना मान्यता के चल रहे थे।

प्रशासन और शिक्षा विभाग की संयुक्त जांच में खुलासा हुआ कि आजादनगर इलाके में न्यू एरा प्राथमिक विद्यालय और शाइनिंग स्टार पब्लिक स्कूल नाम से दो स्कूल संचालित हो रहे थे…जहां 100 से अधिक बच्चों को पढ़ाया जा रहा था।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इतने लंबे समय तक ये स्कूल बिना किसी मान्यता के चलते रहे और जिम्मेदार विभागों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

शिकायत मिलने के बाद गठित जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले का खुलासा किया। इसके बाद शिक्षा विभाग ने दोनों स्कूलों को तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह ने कहा कि दोनों स्कूलों के बच्चों को अब नजदीकी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में शिफ्ट किया जाएगा…ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने स्कूल संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए शिक्षा अधिकार अधिनियम के तहत दोनों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

यह घटना शिक्षा व्यवस्था में निगरानी और जवाबदेही पर सवाल खड़े कर रही है…वहीं प्रशासन ने ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखने की बात कही है।

केदारनाथ कपाट खुलने पर पीएम मोदी का संदेश, श्रद्धालुओं को दिए 5 संकल्प

Kedarnath Yatra 2026 | PM Narendra Modi | Char Dham Yatra | Uttarakhand News | Pilgrimage Update : केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ हो गया है। इस अवसर पर देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi ने देशवासियों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी हैं।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की यह यात्रा केवल तीर्थ नहीं…बल्कि भारत की सनातन सांस्कृतिक चेतना का भव्य उत्सव है। उन्होंने कहा कि हिमालय की गोद में स्थित चारों धाम सदियों से आस्था, विश्वास और एकता के प्रतीक रहे हैं, जहां देश-विदेश से लोग आकर “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को मजबूत करते हैं।

प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के विकास को लेकर भी विश्वास जताया और कहा कि यह दशक राज्य के लिए विशेष है। पर्यटन, आध्यात्मिकता और आर्थिक प्रगति के क्षेत्र में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है…जिससे चारधाम यात्रा पहले से अधिक सुगम और दिव्य बन रही है।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने तीर्थयात्रियों से “डिजिटल उपवास” अपनाने की अपील भी की…ताकि वे प्रकृति के करीब रहकर यात्रा का वास्तविक अनुभव प्राप्त कर सकें।

श्रद्धालुओं के लिए पांच संकल्प:
प्रधानमंत्री ने यात्रा को स्वच्छ, सुरक्षित और सार्थक बनाने के लिए पांच संकल्प भी दिए…..

धाम और आसपास स्वच्छता बनाए रखें, सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी बनाएं।
पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें और प्रकृति के प्रति संवेदनशील रहें।
सेवा भाव अपनाएं और सहयात्रियों की मदद करें।
यात्रा के दौरान स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दें।
नियमों और यातायात निर्देशों का पालन करें।

प्रधानमंत्री ने कंटेंट क्रिएटर्स और युवाओं से भी अपील की कि वे उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय कहानियों को देश-दुनिया तक पहुंचाएं।

चारधाम यात्रा के इस शुभारंभ के साथ ही देशभर से श्रद्धालुओं का उत्तराखंड पहुंचना शुरू हो गया है और देवभूमि एक बार फिर भक्ति और आस्था के रंग में रंग गई है।

नो एग्जाम, डायरेक्ट नौकरी! खिलाड़ियों के लिए BoB में भर्ती शुरू

Bank of Baroda Recruitment | Sports Quota Jobs | Government Jobs | Clerk Vacancy | Job Alert : खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। Bank of Baroda ने स्पोर्ट्स कोटा के तहत क्लेरिकल कैडर में भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के जरिए 30 मेधावी खिलाड़ियों को कस्टमर सर्विस एसोसिएट (CSA) के पद पर नियुक्त किया जाएगा।

इस भर्ती की खास बात यह है कि इसमें किसी भी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं होगी। चयन पूरी तरह खिलाड़ियों के खेल प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।

कब तक करें आवेदन?
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 अप्रैल से शुरू हो चुकी है…जो 12 मई 2026 तक जारी रहेगी। इच्छुक अभ्यर्थी बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

किन खेलों के लिए भर्ती?
इस भर्ती में क्रिकेट, कबड्डी, फुटबॉल और टेबल टेनिस जैसे खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मौका मिलेगा। कुल 30 पदों में 24 पुरुष और 6 महिला खिलाड़ियों के लिए अवसर निर्धारित किए गए हैं।

योग्यता क्या चाहिए?
उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री होना जरूरी है। साथ ही राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल का अनुभव होना अनिवार्य है।

आयु सीमा:
न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम 28 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट दी जाएगी।

कैसे होगा चयन?
सबसे पहले आवेदनों की शॉर्टलिस्टिंग होगी, इसके बाद फील्ड ट्रायल के जरिए खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा।

वेतन और सुविधाएं:
चयनित उम्मीदवारों को 24,050 से 64,480 रुपये तक का वेतन मिलेगा। इसके साथ भत्ते और अन्य बैंक सुविधाएं भी दी जाएंगी।

यह भर्ती उन खिलाड़ियों के लिए सुनहरा मौका है…जो खेल के साथ-साथ बैंकिंग क्षेत्र में भी अपना करियर बनाना चाहते हैं।

उत्तराखंड: खेल में चमकाना है भविष्य? मौका आ गया, उत्तराखंड स्पोर्ट्स कॉलेजों में एडमिशन शुरू

Uttarakhand Sports College Admission | Class 6 Admission 2026| Maharana Pratap Sports College | Sports Training Uttarakhand, Dehradun News : उत्तराखंड के खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य के स्पोर्ट्स कॉलेजों में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक छात्र-छात्राएं 10 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

राज्य सरकार के इन आवासीय खेल विद्यालयों में बच्चों को शुरुआती स्तर से ही प्रोफेशनल ट्रेनिंग दी जाती है…जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। देहरादून स्थित Maharana Pratap Sports College में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, जूडो, हॉकी, वॉलीबॉल, शूटिंग, जिम्नास्टिक्स और तैराकी सहित कई खेलों में प्रशिक्षण दिया जाता है।

वहीं पिथौरागढ़ के श्री हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज और चंपावत के बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज में भी विभिन्न खेल विधाओं में प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध है।

क्या है योग्यता?
आवेदन करने वाले छात्रों की उम्र 11 से 13 वर्ष के बीच होनी चाहिए। यानी जन्म तिथि 1 जुलाई 2013 से 1 जुलाई 2015 के बीच होनी जरूरी है। साथ ही अभ्यर्थी का उत्तराखंड का मूल निवासी होना अनिवार्य है।

कैसे करें आवेदन?
अभ्यर्थी स्पोर्ट्स कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर ऑफलाइन माध्यम से संबंधित कॉलेज में जमा कर सकते हैं।

कैसे होगा चयन?
चयन प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता, खेल कौशल और प्रदर्शन के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

कॉलेज प्रशासन का कहना है कि चयनित छात्रों को आधुनिक सुविधाएं, बेहतर उपकरण और अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

हल्द्वानी के गुरआशीष ने किया कमाल, JEE Main में उत्तराखंड टॉप

JEE Main Result 2026 | Haldwani Topper | Gurashish Singh Chaddha | Uttarakhand Topper | Education News : उत्तराखंड के हल्द्वानी से इस बार जेईई मेन परीक्षा में शानदार सफलता की खबर सामने आई है। शहर के छात्र गुरआशीष सिंह चड्ढा ने प्रदेश में टॉप कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित जेईई मेन 2026 में गुरआशीष ने 99.99 परसेंटाइल हासिल किए हैं। राष्ट्रीय स्तर पर उन्हें 112वीं रैंक प्राप्त हुई है। खास बात यह है कि उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में यह उपलब्धि हासिल की है।

गुरआशीष ने कहा कि उन्होंने अपनी तैयारी के दौरान रोजाना 10 से 12 घंटे पढ़ाई की और पूरी तरह लक्ष्य पर फोकस बनाए रखा। उन्होंने ऑनलाइन कोचिंग के साथ-साथ स्वाध्याय को अपनी सफलता का मुख्य आधार बताया।

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पढ़ाई के दौरान ध्यान भटकने की समस्या रहती है…लेकिन अनुशासन और एकाग्रता से इस चुनौती को पार किया जा सकता है।

गुरआशीष ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और बड़ी बहन को दिया…जिन्होंने हर कदम पर उनका साथ दिया।

अब उनका अगला लक्ष्य जेईई एडवांस परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करना है। वे आईआईटी दिल्ली, मुंबई या मद्रास से कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग करना चाहते हैं।

गुरआशीष ने हाईस्कूल में भी 99.2 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल टॉप किया था और इस वर्ष उन्होंने इंटरमीडिएट की परीक्षा दी है…जिसका परिणाम आना बाकी है।

जागेश्वर धाम में असलहा पहुंचने के बाद सख्त एक्शन, एएसआई अलर्ट

Jageshwar Dham | ASI Action | Almora News | Temple Security | Uttarakhand News : जागेश्वर धाम में असलहा पहुंचने की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने तुरंत सख्त कदम उठाए हैं।

Archaeological Survey of India ने मंदिर परिसरों में हथियारों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत संबंधित मंदिरों में चेतावनी पोस्टर लगाए गए हैं…ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को नियमों की जानकारी दी जा सके।

एएसआई के अधीक्षण पुरातत्वविद नीरज मैठाणी ने बताया कि यह कदम मंदिरों की पवित्रता और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं…ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

बताया जा रहा है कि 22 अप्रैल तक नए फ्लेक्स बोर्ड तैयार कर मंदिर परिसरों में लगाए जाएंगे…जिनमें स्पष्ट रूप से नियमों और प्रतिबंधों का उल्लेख होगा।

एएसआई ने साफ किया है कि धार्मिक स्थलों की गरिमा और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

उत्तराखंड: पहाड़ से मैदान तक आग बरसा रही धूप, जानिए कब मिलेगी राहत

Uttarakhand Weather Update | Heatwave Alert | Dehradun Temperature | IMD Forecast | Summer News : उत्तराखंड में अब गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

राजधानी देहरादून में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया…जिससे दिनभर तेज गर्मी का अहसास हुआ। वहीं मैदानी इलाकों में हालात और भी ज्यादा गर्म हैं। रुड़की, काशीपुर, रुद्रपुर और हरिद्वार जैसे क्षेत्रों में पारा 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और मैदानी इलाकों में गर्म हवाएं चलने की संभावना है। इससे गर्मी का असर और बढ़ सकता है।

हालांकि गुरुवार से पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ राहत मिलने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने आंशिक बादल छाने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है।

पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा है…जिससे वहां भी गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है।

कुल मिलाकर आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने के आसार फिलहाल कम हैं, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

मौके पर पहुंचे CM धामी, पुल निर्माण में देरी पर दिए सख्त निर्देश

Dehradun Mussoorie Road | Bridge Construction Update | Pushkar Singh Dhami | PWD Uttarakhand | Infrastructure News : मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर के पास निर्माणाधीन पुल का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बारिश से क्षतिग्रस्त हुए पुल के पुनर्निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मार्ग देहरादून और मसूरी को जोड़ने वाला बेहद महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी रूट है…जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक आवाजाही करते हैं। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि फिलहाल आवागमन सुचारू रखने के लिए बेली ब्रिज का निर्माण तेजी से किया जा रहा है…जबकि स्थायी पुल का निर्माण भी प्राथमिकता के आधार पर चल रहा है, जिसे अगले 2 से 3 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार सड़कों और पुलों के सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार काम कर रही है…ताकि प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।

साथ ही चारधाम यात्रा और आदि कैलाश यात्रा को देखते हुए सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य समय पर पूरे किए जाएं, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिल सके।