SSJ विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग को मिली पहली PhD, रविंद्र कुमार ने हासिल की उपलब्धि

Ravindra Kumar | PhD Viva | Almora News : SSJ विश्वविद्यालय के गठन के बाद अल्मोड़ा परिसर के हिंदी विभाग में पहली बार पीएचडी की मौखिक परीक्षा आयोजित की गई। इस परीक्षा के सफल आयोजन के साथ ही विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग ने अकादमिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। इस अवसर पर शोधार्थी रविंद्र कुमार ने अपना शोध कार्य मौखिक परीक्षा के माध्यम से पूरा किया।

रविंद्र कुमार के शोध का विषय ‘ओमप्रकाश वाल्मीकि के साहित्य में सामाजिक चेतना’ रहा। उन्होंने यह शोध कार्य डॉ. अमिता प्रकाश के निर्देशन में पूरा किया। शोध में प्रसिद्ध दलित साहित्यकार ओमप्रकाश वाल्मीकि की रचनाओं के माध्यम से समाज में व्याप्त जातिगत भेदभाव, असमानता, सामाजिक चेतना, समानता और मानवीय गरिमा जैसे विषयों का अध्ययन किया गया।

इस मौखिक परीक्षा में बाह्य परीक्षक के रूप में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर के हिंदी विभाग की प्रोफेसर गुड्डी बिष्ट शामिल हुईं।

खास बात यह है कि रविंद्र कुमार वर्तमान में राजकीय महाविद्यालय भतरौज खान, अल्मोड़ा में हिंदी विषय के सहायक प्राध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षण के साथ शोध के क्षेत्र में उनकी इस उपलब्धि को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शोध एवं परिसर निदेशक तथा हिंदी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर जगत सिंह बिष्ट, डॉ. तेजपाल सिंह, डॉ. माया गोला, डॉ. बचन लाल, भूगोल विभाग से डॉ. दीपक कुमार और वनस्पति विज्ञान विभाग से डॉ. धनी आर्या, डॉ. प्रेम प्रकाश, डॉ. आशा शैली एवं डॉ. ललित जोशी मौजूद रहे।

इसके अलावा हिंदी विभाग के शोधार्थियों सहित अन्य विभागों के शोधार्थी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। विश्वविद्यालय के गठन के बाद हिंदी विभाग की पहली पीएचडी मौखिक परीक्षा पूरी होने पर शिक्षकों और शोधार्थियों ने खुशी जताई। उन्होंने रविंद्र कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल शैक्षणिक और शोध जीवन की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *