धनतेरस और वीकेंड पर नैनीताल में ट्रैफिक डायवर्जन, घर से निकलने से पहले देख लें नए रूट

Kainchi Dham | Traffic Alert | Nainital : धनतेरस और वीकेंड पर कैंची धाम में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और नैनीताल घूमने आने वाले पर्यटकों को यातायात संबंधी बदलावों का सामना करना पड़ सकता है। संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने भवाली, कैंची धाम और भीमताल क्षेत्र के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 6 नवंबर से 8 नवंबर 2026 तक लागू रहेगी।

पुलिस ने इस दौरान भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने के साथ ही बसों और चौपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए हैं। कैंची धाम जाने वाले निजी वाहनों के लिए पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था भी की गई है। ऐसे में इन क्षेत्रों की यात्रा करने वाले लोगों को घर से निकलने से पहले नया ट्रैफिक प्लान जरूर देख लेना चाहिए।

सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों की नो एंट्री

यातायात व्यवस्था के तहत तीनों दिन सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जिले की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा।

सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक बसों और चौपहिया वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू रहेगा।

  • अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
  • हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जाने वाले वाहन खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धनाचूली बैंड के रास्ते जाएंगे।
  • काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन खुटानी बैंड से मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

कैंची धाम जाने वालों के लिए दो पार्किंग स्थल तय

  • भीमताल की ओर से आने वाले पर्यटक: अपने वाहन विकास भवन पार्किंग, भीमताल में खड़े करेंगे। यहां से स्थानीय शटल सेवा के जरिए भवाली और कैंची धाम मंदिर पहुंच सकेंगे।
  • ज्योलिकोट, गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले पर्यटक: अपने निजी वाहन भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में खड़े करेंगे। यहां से शटल सेवा के जरिए कैंची धाम मंदिर तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी।

खैरना और गरमपानी जाने वाले स्थानीय वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग

भीमताल, नैनीताल और ज्योलिकोट की ओर से खैरना, गरमपानी और बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड प्रथम से सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग होते हुए शिप्रा पुल भवाली की ओर भेजा जाएगा।

टैक्सी और दोपहिया वाहनों की एंट्री पर रोकह

वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहन भी इस प्रतिबंध के दायरे में आएंगे।

पुलिस ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों से निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे अपने वाहन तय पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और कैंची धाम पहुंचने के लिए शटल सेवा का इस्तेमाल करें। इससे अनावश्यक जाम से बचने के साथ ही यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *