रील नहीं, रियल श्रद्धा जोशी शर्मा पहुंची अल्मोड़ा, मुंबई में कमिश्नर कस्टम्स के पद पर हैं कार्यरत

Uttarakhand: Almora: Shraddha Joshi: पीएम श्री राजा आनंद सिंह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में विद्यालय की पूर्व छात्रा एवं मुंबई में कमिश्नर कस्टम्स के पद पर कार्यरत श्रद्धा जोशी शर्मा का गरिमामय आगमन हुआ। विद्यालय परिवार ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद कर अपने जीवन और विद्यालय के दिनों से जुड़े अनुभव साझा किए।

श्रद्धा जोशी शर्मा ने छात्राओं को बड़े सपने देखने और जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए कठिन परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि सादा जीवन और उच्च विचारों को अपनाकर व्यक्ति अपने जीवन में बड़े लक्ष्य हासिल कर सकता है।

अपने बीच विद्यालय की पूर्व छात्रा को प्रशासनिक सेवा के उच्च पद पर देखकर छात्राओं में खासा उत्साह और गर्व देखने को मिला। श्रद्धा जोशी ने अपने छात्र जीवन की यादें भी साझा कीं और छात्राओं को निरंतर प्रयास करते रहने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर श्रद्धा जोशी के माता-पिता भी मौजूद रहे। उनके पिता प्रोफेसर जीसी जोशी सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि उनकी माता श्रीमती लीला जोशी आर्य कन्या इंटर कॉलेज से सेवानिवृत्त हैं।

कार्यक्रम में अभिभावक, बीएड प्रशिक्षु, छात्राएं और विद्यालय की शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। प्रधानाचार्या श्रीमती विजया पंत एवं विद्यालय परिवार ने श्रद्धा जोशी शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां विद्यालय की छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनका विद्यालय आगमन छात्राओं के लिए यादगार और प्रेरणादायी अवसर बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *