RIMC Admission | Dehradun News | Entrance Exam : देहरादून स्थित राष्ट्रीय भारतीय सैन्य महाविद्यालय यानी आरआईएमसी में जुलाई 2027 सत्र में दाखिले की तैयारी शुरू हो गई है। इस सत्र में प्रवेश के लिए लिखित परीक्षा 6 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से कराई जाएगी और यह पेन-पेपर मोड में होगी।
आरआईएमसी में प्रवेश पाने के इच्छुक छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करना होगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
जुलाई 2027 सत्र की प्रवेश परीक्षा के लिए ऐसे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं…जिनका जन्म 2 जुलाई 2013 से 1 जनवरी 2015 के बीच हुआ है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून गोविंद राम जायसवाल ने इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
30 सितंबर तक सामान्य आवेदन
आरआईएमसी प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र 30 सितंबर 2026 की शाम 5 बजे तक जमा किया जा सकता है। परीक्षा शुल्क का भुगतान उसी दिन रात 11:50 बजे तक किया जा सकेगा।
अगर कोई अभ्यर्थी निर्धारित समय तक आवेदन नहीं कर पाता है तो विलंब शुल्क के साथ 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर 2026 तक आवेदन करने का मौका मिलेगा। विलंब शुल्क के साथ आवेदन 7 अक्टूबर की शाम 5 बजे तक किया जा सकेगा…जबकि शुल्क का भुगतान रात 11:50 बजे तक किया जा सकेगा।
आवेदन शुल्क कितना है?
सामान्य वर्ग, रक्षा कर्मियों और पूर्व सैनिकों के बच्चों तथा केंद्रीय सूची के ओबीसी-एनसीएल अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 1,000 रुपये निर्धारित है।
एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 750 रुपये रखा गया है। देर से आवेदन करने पर निर्धारित परीक्षा शुल्क के अलावा 500 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क देना होगा।
ओबीसी-एनसीएल श्रेणी का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले यह सुनिश्चित करना होगा कि उनकी जाति केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल है। केवल राज्य की ओबीसी सूची में शामिल अभ्यर्थी ओबीसी-एनसीएल का लाभ नहीं ले पाएंगे।
चार घंटे 30 मिनट की होगी परीक्षा
आरआईएमसी की लिखित प्रवेश परीक्षा कुल चार घंटे 30 मिनट की होगी। परीक्षा पेन-पेपर मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र और परीक्षा का समय अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र में बताया जाएगा।
परीक्षा से करीब 12 से 15 दिन पहले परीक्षा शहर की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं प्रवेश पत्र परीक्षा से लगभग 5 से 7 दिन पहले जारी किए जाने की योजना है।
फरवरी 2027 में आएगा परिणाम
लिखित परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों के उत्तर पत्रक, प्रश्नपत्र सेट और उत्तर कुंजी एनटीए की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। लिखित परीक्षा का परिणाम 20 फरवरी 2027 तक जारी किए जाने का लक्ष्य है।
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए अप्रैल 2027 में दूसरे चरण की मौखिक परीक्षा प्रस्तावित है। इसकी निश्चित तारीख बाद में एनटीए और आरआईएमसी की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन, परीक्षा, शुल्क और अन्य जरूरी जानकारी आरआईएमसी प्रवेश परीक्षा के आधिकारिक पोर्टल पर देख सकते हैं।











Leave a Reply