Haldwani Railway Encroachment | Banbhoolpura Security | Supreme Court Hearing : रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों को अलर्ट रखा गया है।
हल्द्वानी कोतवाली के मीटिंग हॉल में बनभूलपुरा में ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई। एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में हुई बैठक में जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिसकर्मियों से कहा गया कि सरकारी कार्रवाई के दौरान संयम बनाए रखें और कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी स्थिति में प्रभावी तरीके से कार्रवाई करें।
बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात
सुरक्षा व्यवस्था के लिए क्षेत्र को दो सुपर जोन और चार जोन में बांटा गया है। सुरक्षा ड्यूटी में दो एसपी, पांच सीओ, 15 इंस्पेक्टर और एसओ तथा 45 एसआई और एडिशनल एसआई समेत पुलिस बल लगाया गया है।
इसके अलावा दो कंपनी पीएसी और दो ड्रोन टीमें भी तैनात रहेंगी। संवेदनशील इलाकों, गलियों और मकानों की छतों पर ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था में चार फायर यूनिट, चार ट्रैफिक टीमें, एक बम निरोधक दस्ता, दो हॉक पुलिस यूनिट, दो टियर गैस टीमें, दो एंटी-रायट टीमें और दो फायरिंग स्क्वाड भी शामिल रहेंगे।
छतों पर सामान जमा करने वालों को चेतावनी
नैनीताल पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि मकानों की छतों पर पत्थर, रोड़ी, ईंट, मलबा या किसी तरह के हथियार जमा न किए जाएं। ऐसा पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर भी निगरानी
पुलिस सोशल मीडिया पर होने वाली गतिविधियों पर भी नजर रखेगी। अफवाह फैलाने, भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने और माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
नैनीताल पुलिस ने लोगों से न्यायालय के फैसले का सम्मान करने और क्षेत्र में शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने आम लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी अफवाह पर भरोसा न करने को कहा है।











Leave a Reply