भारी बारिश की चेतावनी के बाद बड़ा फैसला, नैनीताल जिले के सभी स्कूल कल रहेंगे बंद

Weather Alert | Nainital School Holiday | Haldwani News : उत्तराखंड के नैनीताल जिले में भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने सोमवार 7 सितंबर 2026 को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। यह छुट्टी कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों पर लागू होगी।

मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून की ओर से 6 सितंबर को जारी मौसम पूर्वानुमान में 7 सितंबर को नैनीताल जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इस दौरान गरज के साथ बिजली चमकने और बारिश के तेज से अति तेज दौर की संभावना जताई गई है।

नदियों और नालों में बढ़ सकता है पानी

जिले के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में फिलहाल बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने के साथ तेज बहाव की स्थिति बन सकती है। वहीं संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।

बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लिया फैसला

प्रशासन ने मौसम की स्थिति और संभावित खतरे को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए 7 सितंबर को एक दिन का अवकाश घोषित किया है। इस दौरान स्कूलों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश की अनुमति रहेगी।

आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद

स्कूलों के साथ जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी 7 सितंबर को बंद रहेंगे। मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इन स्कूलों पर लागू नहीं होगा आदेश

नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शिक्षण संस्थान इस आदेश के दायरे में नहीं होंगे…जहां विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई और रहने की सुविधा एक ही परिसर में उपलब्ध है।

प्रशासन ने साफ किया है कि आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित संस्थान के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *