उत्तराखंड: पुल का काम अधूरा, कॉलोनी में घुसा पानी; गुस्साए लोगों ने PWD एएई को पीटा

Bajpur | LewdaBridg | Flood : ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर में लगातार बारिश के बाद बाढ़ और जलभराव की स्थिति ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। बेरिया रोड पर इंदिरा कॉलोनी के पास निर्माणाधीन लेवड़ा नदी पुल के आसपास पानी भरने के बाद स्थानीय लोगों ने पुल निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।

रविवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय लोगों और भाजपा नेताओं ने लोक निर्माण विभाग के निर्माण कार्य को लेकर सवाल उठाए। लोगों का आरोप था कि पुल का काम अभी पूरा नहीं हुआ है….जिससे पानी की निकासी प्रभावित हो रही है।

मौके पर PWD के एएई राजीव गौड़ भी पहुंचे। इस दौरान पूर्व भाजपा प्रत्याशी राजेश कुमार और एएई के बीच तीखी बहस होने की बात सामने आई। विवाद बढ़ने पर मौके पर हंगामा हो गया।

आरोप है कि कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने एएई के साथ अभद्रता और हाथापाई की। इसी दौरान उनके चेहरे पर मिट्टी पोतने की बात भी सामने आई। मौके पर मौजूद तहसीलदार, राजस्व कर्मियों और सुरक्षा कर्मियों ने बीच-बचाव कर एएई को वहां से बाहर निकाला।

लगातार बारिश से बिगड़े हालात

क्षेत्र में करीब 36 घंटे से बारिश जारी रहने के कारण नदियों और नहरों का जलस्तर बढ़ गया। लेवड़ा नदी के आसपास भी बाढ़ का पानी फैल गया और इंदिरा कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी।

स्थिति की जानकारी मिलने पर उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया और लोगों से स्थिति की जानकारी ली।

प्रशासन की मौजूदगी में हुए विवाद के बाद अधिकारियों ने मौके पर लोगों को शांत कराया। इसके साथ ही PWD अधिकारियों से पुल निर्माण और पानी की निकासी को लेकर जानकारी ली गई।

फिलहाल मामले में किसी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत दिए जाने की जानकारी नहीं है। प्रशासन और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *