हल्द्वानी में स्वाइन फ्लू का बढ़ता खतरा! दो बुजुर्गों की मौत के बाद अस्पताल में बढ़ी सतर्कता

Haldwani | SwineFlu | H1N1 : हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में स्वाइन फ्लू से तीन दिन के भीतर दो बुजुर्ग मरीजों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। शनिवार सुबह रातीघाट निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार बुजुर्ग को 2 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें निमोनिया के साथ सांस लेने में परेशानी हो रही थी। इसके अलावा वह लकवे और अनियंत्रित ब्लड प्रेशर की समस्या से भी जूझ रहे थे।

अस्पताल में जांच के बाद 4 सितंबर को उनमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। 5 सितंबर को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

इससे पहले 3 सितंबर को नैनीताल निवासी 62 वर्षीय बुजुर्ग की भी स्वाइन फ्लू से मौत हुई थी। बताया गया कि वह भी पहले से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे।

एसटीएच में मरीजों के लिए अलग व्यवस्था

लगातार दो मौतों के बाद अस्पताल प्रशासन ने संक्रमण को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। एसटीएच में स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए अलग क्लीनिक बनाया गया है। वहीं स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण वाले संदिग्ध मरीजों को विशेष आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया जा रहा है।

फिलहाल अस्पताल में स्वाइन फ्लू से संक्रमित दो मरीज और एक संदिग्ध मरीज भर्ती बताया गया है। स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन की ओर से संक्रमण की रोकथाम को लेकर विशेष सावधानी बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *