Farmers | Agriculture | Uttarakhand | PushkarSinghDhami : उत्तराखंड के किसानों को खेती से जुड़ी जानकारी और सुविधाएं डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने की दिशा में एक नई पहल शुरू हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया।
इस ऐप को मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति ने तैयार किया है। मुख्यमंत्री ने इस पहल को किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से कृषि से जुड़ी जरूरी जानकारी किसानों तक आसानी से पहुंचाई जा सकती है।
समिति के मुताबिक ऐप में किसानों के लिए मौसम की रियल टाइम जानकारी और अलर्ट की सुविधा दी गई है। इसके अलावा अलग-अलग फसलों के हिसाब से कृषि सलाह भी उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
ऐप की एक खास सुविधा एआई आधारित फसल रोग पहचान है। इसके जरिए फसलों में दिखाई देने वाली बीमारी की पहचान में किसानों को मदद मिलने का दावा किया गया है। इसके साथ ही कृषि, बाजार, परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी जानकारी एवं सुविधाओं को भी एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की कोशिश की गई है।
‘मनोरमा कृषि रक्षक’ में स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को बाजार से जोड़ने से संबंधित सुविधाएं भी रखी गई हैं। समिति के अनुसार ऐप को किसानों की व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।
इसका उद्देश्य किसानों को खेती के शुरुआती चरण से लेकर उत्पाद को बाजार तक पहुंचाने में डिजिटल सहयोग उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी सहित मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।












Leave a Reply