BCCI | Rohit Yadav | Age Fraud : भारतीय क्रिकेट में उम्र से जुड़े दस्तावेजों की गड़बड़ी को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बंगाल के लेग स्पिनर रोहित यादव पर दो साल का प्रतिबंध लगाया है। खास बात यह है कि कुछ समय पहले ही उनका चयन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली भारत की अंडर-19 टीम में हुआ था।
उत्तर प्रदेश के रहने वाले रोहित यादव ने जुलाई में भारत की अंडर-19 टीम के साथ श्रीलंका का दौरा किया था। इस दौरे पर उन्होंने छह विकेट हासिल किए थे…और टीम की एक टेस्ट जीत में भी अहम भूमिका निभाई थी।
इसके बाद उन्हें ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के खिलाफ भारत में होने वाली वनडे और बहुदिवसीय सीरीज के लिए भी टीम में जगह मिली थी। इस टीम में वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय का नाम भी शामिल है।
तीन अलग-अलग जन्मतिथि सामने आने से बढ़ा मामला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक श्रीलंका दौरे के दौरान दस्तावेजों की जांच में रोहित की जन्मतिथि को लेकर विसंगतियां सामने आईं। जांच में उनके नाम से अलग-अलग जन्म वर्ष वाले तीन जन्म प्रमाणपत्र मिलने की बात सामने आई है। इनमें 2007, 2009 और 2010 का उल्लेख बताया गया है।
आधार रिकॉर्ड में भी अलग-अलग जानकारी
रोहित के आधार रिकॉर्ड और बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) के रिकॉर्ड में भी जन्म वर्ष को लेकर अंतर पाए जाने की बात सामने आई है। इन दस्तावेजों में अलग-अलग जानकारी मिलने के बाद उनकी आयु वर्ग की क्रिकेट खेलने की पात्रता पर सवाल उठे।
मामले के सामने आने के बाद CAB ने पहले ही रोहित को अपनी जूनियर टीमों से बाहर कर दिया था। इसके बाद बोर्ड को भी इसकी जानकारी दी गई। अब BCCI की ओर से दो साल का प्रतिबंध लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। इस दौरान उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलने से भी रोका गया है और संबंधित राज्य क्रिकेट संघों को इसकी सूचना दी गई है।
CAB ने 62 खिलाड़ियों पर की कार्रवाई
उम्र और दस्तावेजों से जुड़ी विसंगतियों को लेकर CAB ने कुल 62 खिलाड़ियों को 2026-27 और 2027-28 सत्र के लिए पंजीकरण या ट्रांसफर के लिहाज से अयोग्य घोषित किया है।
इस सूची में भारत की अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के पूर्व सदस्य रवि कुमार और बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर विशाल भट्टी के नाम भी बताए गए हैं। CAB ने खिलाड़ियों के रिकॉर्ड की जांच के दौरान जन्मतिथि से जुड़ी कई तरह की विसंगतियां सामने आने की जानकारी दी है।
यह पूरी कार्रवाई खिलाड़ियों के दस्तावेजों और जन्मतिथि रिकॉर्ड की जांच के बाद की गई है।












Leave a Reply