हल्द्वानी: फीस के नाम पर मनमानी पड़ी भारी! नैनीताल जिले में 46 प्राइवेट स्कूलों ने लौटाए 39 लाख

Private Schools | Fee Refund | Nainital : नैनीताल जिले में निजी स्कूलों की ओर से नियमों के खिलाफ वसूली गई फीस के मामले में जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की कार्रवाई का असर अब दिखाई देने लगा है। जांच के बाद कई स्कूलों ने अतिरिक्त शुल्क वापस करना शुरू कर दिया है…जिससे अभिभावकों को राहत मिली है।

मुख्य शिक्षा अधिकारी रंजीत सिंह नेगी ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अप्रैल महीने में निजी स्कूलों द्वारा लिए जा रहे अतिरिक्त और अवैध शुल्क की शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम बनाई गई थी।

जांच के दौरान जिले के 87 निजी स्कूलों में नियमों के विपरीत शुल्क वसूले जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद स्कूलों को अतिरिक्त राशि अभिभावकों को वापस करने या आगामी फीस में उसका समायोजन करने के निर्देश दिए गए।

अभियान के तहत अब तक 46 निजी स्कूलों ने अभिभावकों को कुल 39,05,405 रुपये वापस किए हैं। इसके अलावा 8 स्कूलों ने नियमों के खिलाफ बढ़ाई गई ट्यूशन फीस को कम किया है।

जांच में कई अन्य शुल्कों में भी अनियमितता सामने आई। 39 स्कूलों ने परीक्षा शुल्क कम किया…जबकि 15 निजी स्कूलों ने पंजीकरण शुल्क को कम या पूरी तरह खत्म कर दिया है।

टीसी शुल्क को लेकर भी प्रशासन ने सख्ती दिखाई। जांच में सामने आया कि कुछ स्कूल ट्रांसफर सर्टिफिकेट के लिए 100 से 1,000 रुपये तक वसूल रहे थे, जबकि निर्धारित शुल्क सिर्फ 1 रुपये है। कार्रवाई के बाद टीसी शुल्क को घटाकर 1 रुपये कर दिया गया है। पहले वसूली गई अतिरिक्त राशि को भी अभिभावकों को वापस या फीस में समायोजित किया गया है।

मुख्य शिक्षा अधिकारी ने कहा कि जिन स्कूलों ने अभी तक अतिरिक्त शुल्क वापस नहीं किया है….उनके खिलाफ विभाग आगे सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों की मान्यता समाप्त करने की संस्तुति शासन को भेजने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि यदि किसी निजी स्कूल की फीस या अन्य शुल्क को लेकर शिकायत है तो वे मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय को ceonainital11@gmail.com पर ईमेल कर सकते हैं। विभाग के अनुसार शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *