हल्द्वानी से नैनीताल और कैंची धाम का किराया हुआ कम, टेंपो ट्रेवलर सेवा की नई पहल

Tempo Traveller: Nainital: Kaichi: Haldwani: Transport Uttarakhand: परिवहन निगम के टेंपो ट्रेवलर का किराया कम करने के बाद यात्रियों ने दिलचस्पी लेने शुरू कर दी है। किराया कम होने के बाद पहले दिन नैनीताल रूट पर चले टेंपो ट्रेवलरों ने 14 हजार की कमाई की।

निगम को पिछले दिनों मिले आठ टेंपो ट्रेवलर का नैनीताल का किराया 127 रुपये तय किया गया था। लंबे समय तक इसी किराया पर संचालन किया गया लेकिन यात्री कम मिलने के बाद बुधवार से 21 रुपये किराया कम कर दिया है।

काठगोदाम डिपो इंचार्ज रघुवीर चौधरी ने बताया कि बुधवार को चार टेंपो ट्रेवलर नैनीताल रूट पर चलाए गए, सभी पैक रहे। बता दें कि हल्द्वानी से नैनीताल का किराया 106 और हल्द्वानी से कैंची का किराया 126 रुपए किया गया है।

परिवारवालों ने कर दिया था अंतिम संस्कार, धराली से घर पहुंच गए तीन मजदूर !

देहरादून: उत्तरकाशी जिले के हर्सिल थाना क्षेत्र के धराली में बादल फटने की घटना के बीच मगलहिया के तीन मजदूर सुरक्षित अपने घर लौट आए हैं। सरगटिया पंचायत के मगलहिया निवासी राहुल कुमार मुखिया, मुन्ना मुखिया और रवि कुमार सोमवार देर रात घर पहुंचे। उनके लौटने से परिजनों ने राहत की सांस ली। बता दें कि घर वालों ने तीनों का अंतिम संस्कार कर दिया था।

हादसे से पहले पहुंचे थे गंगोत्री
वापस लौटे मजदूरों ने बताया कि पांच अगस्त को धराली में बादल फटने की घटना हुई थी, लेकिन वे तीन दिन पहले ही गंगोत्री चले गए थे। वहां पहले से मगलहिया के करीब दो दर्जन मजदूर राज मिस्त्री का काम कर रहे थे। कुछ कार्य के सिलसिले में वे हर्सिल से गंगोत्री गए थे और इसी वजह से हादसे से बच गए।

सैन्य सहयोग से हुई वापसी
मजदूरों ने बताया कि हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी और मोबाइल नेटवर्क भी ठप हो गया था। सेना के जवानों ने हेलीकॉप्टर से उन्हें गंगोत्री से चुनियाली शहर पहुंचाया। इसके बाद उत्तरकाशी और फिर हरिद्वार होते हुए वे लखनऊ लौट सके। रास्ते में भोजन और पानी की व्यवस्था भी सैनिकों ने ही की।

प्रशासन को जताया आभार
मंगलवार सुबह लखनऊ पहुंचने पर मजदूरों ने परिवार से संपर्क किया और उत्तराखंड सरकार व सेना के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जवानों की मदद से ही उनकी सुरक्षित वापसी संभव हो पाई।

पंचायत अध्यक्ष चुनाव: नैनीताल में पूरे दिन हुआ हंगामा, हाईकोर्ट ने चुनाव में लगाया स्टे

Nainital: Election: Panchayat Election: नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस समर्थित पांच सदस्यों के कथित अपहरण मामले पर हाई कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए दोबारा मतदान कराया जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम वंदना ने अदालत को बताया कि इस मामले में राज्य निर्वाचन आयोग को सिफारिश भेजी जा रही है। साथ ही एसएसपी को उन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं, जिन्होंने सदस्यों को अगवा किया। इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो और तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो चुकी हैं।

सुबह हुए इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद मामला हाई कोर्ट तक पहुंचा। अदालत ने निर्देश दिया कि पुलिस सुरक्षा में सभी सदस्यों को मतदान कराया जाए। इसके बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दो वाहनों से 10 सदस्यों को जिला पंचायत कार्यालय लाया गया और गहमागहमी के बीच मतदान की प्रक्रिया संपन्न हुई। अब तक 22 सदस्य वोट डाल चुके हैं।

सुबह ही नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर कांग्रेस समर्थित सदस्यों के अपहरण का आरोप लगाया। कांग्रेस प्रत्याशियों ने इस घटनाक्रम के विरोध में चुनाव का बहिष्कार कर हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट ने गायब पांच सदस्यों को खोजकर मतदान सुनिश्चित कराने के भी आदेश दिए हैं।

क्वारब में हुआ भूस्खलन, अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह से बंद

Almora: Highway: Haldwani: अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर क्वारब के पास गुरुवार सुबह से लगातार पहाड़ी से मलबा और बड़े पत्थर गिर रहे हैं। तेज बारिश के चलते हुए भूस्खलन ने मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया है, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। यात्री कई घंटों से सड़क खुलने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल सुरक्षा कारणों से यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है।

मौके पर प्रशासन और पुलिस की टीमें मौजूद हैं और हालात पर निगरानी रखी जा रही है। विभागीय कर्मचारी जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने की कोशिश कर रहे हैं, हालांकि बारिश लगातार बाधा बन रही है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने क्वारब क्षेत्र से सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह रोक दिया है, ताकि किसी भी तरह की जनहानि न हो।

पुलिस का कहना है कि जब तक खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता और सड़क से मलबा हटा नहीं लिया जाता, तब तक यातायात शुरू नहीं किया जाएगा। वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक भारी बारिश की संभावना जताई है, जिससे स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो सकती है।

नैनीताल जिला पंचायत चुनाव:कांग्रेस ने लगाया समर्थकों को उठाने का आरोप, मामला कोर्ट पहुंचा

Nanital: Panchayat Election: जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर गुरुवार को हालात तनावपूर्ण हो गए। उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक सुमित ह्रदयेश ने आरोप लगाया कि भाजपा ने पुलिस और प्रशासन की मदद से कांग्रेस के आठ निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को जबरन उठा लिया। उनका कहना है कि इन सदस्यों के साथ मारपीट की गई और उन्हें घसीटकर ले जाया गया। ( Nainital Jila Panchayat Election)

कांग्रेस नेताओं ने पूरे घटनाक्रम का लाइव वीडियो रिकॉर्ड कर हाईकोर्ट में पेश किया है। यहां अध्यक्ष पद के लिए भाजपा उम्मीदवार दीपा दरम्वाल और कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा नेगी के बीच सीधा मुकाबला है। नैनीताल हाईकोर्ट में कांग्रेस की याचिका पर सुनवाई शुरू हो चुकी है, जिसमें उन्होंने चुनाव को निरस्त करने की मांग उठाई है। ( Bjp vs Congress in Nainital)

बागेश्वर की प्रेमा रावत ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चमकी, टी-20 सीरीज़ में झटके सबसे ज्यादा विकेट

Prema Rawat: India A: Australia Tour: ऑस्ट्रेलिया महिला ए टीम ने भारतीय महिला ए टीम को तीन मैचों की टी-20 सीरीज़ में 3-0 से हराकर सीरीज़ अपने नाम कर ली। हालांकि स्कोरलाइन एकतरफा दिखती है, लेकिन मुकाबले बेहद करीबी रहे। भारत पहले टी-20 में 13 रन से और तीसरे मैच में सिर्फ तीन रन से हार गया। अनुभव की कमी टीम इंडिया के लिए बड़ा अंतर साबित हुई।

इस सीरीज़ की सबसे बड़ी खोज उत्तराखंड के बागेश्वर की प्रेमा रावत रहीं। घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम में जगह बनाने वाली प्रेमा ने तीन मैचों में कुल सात विकेट चटकाए। उनका गेंदबाजी औसत 9.28 रहा और इकॉनोमी रेट केवल 5.41 रही, जो टी-20 प्रारूप में काबिले-तारीफ़ है। प्रेमा की सटीक गेंदबाजी ने हर मैच में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों को परेशान किया और वह भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी बनकर उभरीं।

पिछले साल इंडिया ए के ऑस्ट्रेलिया दौरे में उत्तराखंड की ही राघवी बिष्ट ने शानदार प्रदर्शन किया था, और इस बार प्रेमा रावत ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। लगातार दो सीज़न में उत्तराखंड की खिलाड़ियों का चमकना इस राज्य के महिला क्रिकेट में उभरते स्तर और संभावनाओं को दर्शाता है।

उत्तराखंड में हर घर तिरंगा अभियान, आप भी अपलोड करें अपनी फोटो

देहरादून: बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा फहराया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुआ यह अभियान आज जन-जन तक पहुँचकर राष्ट्रभक्ति का महाअभियान बन चुका है। तिरंगा हमारी स्वतंत्रता, एकता और सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि स्वतंत्रता दिवस पर सभी अपने घर, कार्यालय या दुकान पर तिरंगा सम्मानपूर्वक फहराएँ और देश की आज़ादी के लिए बलिदान देने वाले वीर सेनानियों को नमन करें।
उन्होंने लोगों से अपील की कि तिरंगे के साथ अपनी फोटो लेकर harghartiranga.com पर अवश्य साझा करें।

भारत में कैसे चुनें जाता है उपराष्ट्रपति ? मौजूदा समीकरण पर भी डाले नजर

नई दिल्ली: 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अचानक इस्तीफा दे दिया। राष्ट्रपति के इस्तीफे की स्थिति में उपराष्ट्रपति कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेते हैं, लेकिन उपराष्ट्रपति के कार्यकाल के बीच में पद खाली होने पर कार्यवाहक उपराष्ट्रपति की कोई व्यवस्था संविधान में नहीं है। ऐसे में एकमात्र विकल्प नए चुनाव कराना ही होता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा इस्तीफा स्वीकार करने और गृह मंत्रालय द्वारा अधिसूचना जारी होते ही चुनाव आयोग ने औपचारिकताएं शुरू कर दीं।

अंतरिम व्यवस्था
उपराष्ट्रपति राज्यसभा के पदेन सभापति होते हैं, इसलिए उनके इस्तीफे के बाद राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह अस्थायी रूप से उच्च सदन की अध्यक्षता कर रहे हैं। यह केवल संसदीय कार्यों तक सीमित है, और उन्हें उपराष्ट्रपति की शक्तियां नहीं मिलतीं।

चुनाव प्रक्रिया

निर्वाचक मंडल और मतदान पद्धति
उपराष्ट्रपति का चुनाव लोकसभा और राज्यसभा के सभी निर्वाचित व मनोनीत सदस्यों वाले निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है। केवल सांसद ही मतदान करते हैं, विधायक नहीं। मतदान आनुपातिक प्रतिनिधित्व की एकल संक्रमणीय मत प्रणाली के तहत गुप्त मतदान द्वारा होता है, और सदस्य पार्टी व्हिप से बाध्य नहीं होते।

राष्ट्रपति चुनाव से अंतर
राष्ट्रपति चुनाव में मनोनीत सदस्य वोट नहीं देते और राज्य विधानसभाओं की भी भूमिका होती है, जबकि उपराष्ट्रपति चुनाव में केवल संसद सदस्य वोट करते हैं और मनोनीत सदस्य भी शामिल होते हैं।

उम्मीदवार की योग्यता
उम्मीदवार भारत का नागरिक हो, कम से कम 35 वर्ष का हो, राज्यसभा का सदस्य हो और किसी लाभ के पद पर न हो। नामांकन पत्र पर कम से कम 20 प्रस्तावक और 20 समर्थकों के हस्ताक्षर आवश्यक हैं। कार्यकाल पाँच साल का होता है और कार्यकाल समाप्त होने के बाद उत्तराधिकारी के आने तक पद पर बने रह सकते हैं। कार्यकालों की कोई सीमा नहीं है, और एस. राधाकृष्णन व मोहम्मद हामिद अंसारी ने लगातार दो-दो कार्यकाल पूरे किए हैं।

राष्ट्रपति की भूमिका और संवैधानिक प्रावधान

उपराष्ट्रपति राष्ट्रपति के बाद देश का दूसरा सर्वोच्च संवैधानिक पद है और राष्ट्रपति पद के उत्तराधिकार में प्रथम स्थान पर है। राष्ट्रपति के अनुपस्थित या अक्षम होने की स्थिति में उपराष्ट्रपति अधिकतम छह महीने तक कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में कार्य करता है। इस दौरान वह राज्यसभा सभापति के दायित्व नहीं निभाता।

समय-सीमा और आगे की प्रक्रिया

राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति चुनाव अधिनियम, 1952 के अनुसार, अधिसूचना जारी होने के बाद पूरी चुनाव प्रक्रिया अधिकतम 32 दिनों में पूरी करनी होती है। संविधान का अनुच्छेद 68(2) कहता है कि मध्यावधि चुनाव “यथाशीघ्र” कराए जाएं। संभावना है कि अगस्त के अंतिम सप्ताह तक नया उपराष्ट्रपति पदभार संभाल लेगा।

संख्या का समीकरण

संसद के दोनों सदनों में वर्तमान में कुल 786 सदस्य हैं (जिसमें 6 रिक्तियां शामिल हैं)। 100% मतदान की स्थिति में जीत के लिए 394 वोट आवश्यक होंगे। एनडीए के पास लोकसभा में 293 और राज्यसभा में 129 सांसद हैं, यानी कुल 422 वोट — जो आवश्यक बहुमत से काफी अधिक है।

उत्तराखंड के रानीखेत में 11 सितंबर से होगी अग्निवीर सेना भर्ती रैली

Agniveer: Ranikhet: भारतीय सेना में अग्निवीर बनने की तैयारी कर रहे युवक-युवतियों के लिए अल्मोड़ा जिले से अहम सूचना जारी हुई है। सेना भर्ती कार्यालय ने शारीरिक परीक्षा की तिथियां घोषित कर दी हैं। जानकारी के अनुसार, ऑनलाइन परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के लिए 11 सितंबर से 21 सितंबर तक कुमाऊं रेजीमेंट सेंटर, रानीखेत के सोमनाथ मैदान में भर्ती रैली आयोजित होगी, जिसमें योग्य उम्मीदवार भाग ले सकते हैं।

भर्ती कार्यक्रम के तहत 18 सितंबर को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी जिलों के अभ्यर्थियों के लिए आरटी जेसीओ, जेसीओ कैटरिंग, एजुकेशन हवलदार और हवलदार एसएसी की भर्ती होगी। गौरतलब है कि सेना में शामिल होने के इच्छुक अग्निवीरों की ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम 30 जून से शुरू हुई थी, जिसमें अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

नैनीताल, उधम सिंह नगर, अल्मोड़ा और बागेश्वर जिलों के सफल अभ्यर्थियों के लिए 11 सितंबर से शारीरिक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसमें अग्निवीर जीडी, क्लर्क/स्टोर कीपर, टेक्नीशियन और ट्रेडमैन की भर्ती परीक्षाएं शामिल होंगी।

चौखुटिया गाँव के ललित नेगी का इंटरनेशनल इंटर्नशिप प्रोग्राम के लिए चयन

Kaushal Academy: Haldwani: कुमाऊँ के चौखुटिया गाँव के ललित नेगी का चयन अंतर्राष्ट्रीय इंटर्नशिप प्रोग्राम के लिए दुबई में हुआ है। ललित ने कौशल एकेडमी इंटरनेशनल में अंतर्राष्ट्रीय होटल मैनेजमेंट कोर्स में प्रवेश लिया था, जिसमें दो वर्ष का विदेश प्रशिक्षण शामिल है।

ललित के पिता एक शेफ हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। आर्थिक रूप से साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले ललित ने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के प्रोफेसर जितेंद्र अधिकारी ने बताया कि कौशल एकेडमी निर्धन और प्रतिभावान छात्रों को होटल मैनेजमेंट कोर्स में विशेष शुल्क छूट देकर प्रोत्साहित करती है, जिससे वे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने करियर का निर्माण कर सकें।

ललित का यह चयन न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और यह संदेश देता है कि अवसर मिलने पर ग्रामीण पृष्ठभूमि के युवा भी वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं।