सीएम धामी ने युवाओं और खिलाड़ियों को दी बड़ी सौगात, एक साथ किए कई ऐलान

Uttarakhand News | CM Dhami | Sports News : उत्तराखंड में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने और युवाओं को नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कई घोषणाएं की हैं। शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस पर देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों का मानदेय बढ़ाने से लेकर गांवों में खेल क्लब बनाने तक की बातें कहीं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दौड़ में हिस्सा लेने पहुंचे युवाओं का उत्साह बढ़ाया और उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को खेल और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के मानदेय में वृद्धि करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस विषय पर जल्द बैठक की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब स्थापित किए जाएंगे। इन क्लबों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को मंच देने की योजना है।

देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी खाली जमीन युवा कल्याण विभाग को हस्तांतरित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस जमीन पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाने की घोषणा की। इससे खेलों में रुचि रखने वाले युवाओं के साथ सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को भी सुविधा मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में अब तक 32 खेल आयोजित किए जाते हैं। मुख्यमंत्री ने इनकी संख्या बढ़ाकर 50 करने का ऐलान किया। इसमें उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाएगा। प्रतियोगिता के आयोजन के लिए तय बजट में भी बढ़ोतरी की जाएगी।

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत खिलाड़ियों को मिलने वाली पुरस्कार राशि में भी इजाफा किया जाएगा।

न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 200 से 300 रुपये और तृतीय पुरस्कार 150 से 200 रुपये किया जाएगा।

विधानसभा स्तर पर प्रथम पुरस्कार 700 रुपये, द्वितीय 500 रुपये और तृतीय 400 रुपये मिलेगा। पहले ये राशियां क्रमशः 500, 400 और 300 रुपये थीं।

संसदीय क्षेत्र स्तर पर पुरस्कार राशि बढ़ाकर प्रथम स्थान के लिए 1,000 रुपये, दूसरे स्थान के लिए 800 रुपये और तीसरे स्थान के लिए 600 रुपये कर दी गई है।

राज्य स्तर पर विजेताओं को अब क्रमशः 2,000, 1,500 और 1,000 रुपये दिए जाएंगे। पहले यह राशि 1,500, 1,000 और 700 रुपये थी।

मुख्यमंत्री ने चैंपियनशिप ट्रॉफी के ओवरऑल विजेता जिले को दिए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की घोषणा की। इससे प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले जिलों के बीच मुकाबला और रोचक होने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि देश की रियासतों को एकजुट करने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने में सरदार पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियां जीवन का हिस्सा होनी चाहिए। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहने और नशामुक्त उत्तराखंड के अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बदरीनाथ धाम से लौटते समय जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना जताई और ईश्वर से उन्हें इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला, खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा और खेल निदेशक दीप्ति सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *