रामनगर के रिजॉर्ट में पहले 51 युवक-युवतियां मिले थे संदिग्ध हालत में, अब दिल्ली की युवती ने लगाया रेप का आरोप

Ramnagar Rape Case | Corbett Tourism | Uttarakhand Crime News : उत्तराखंड के रामनगर स्थित एक रिजॉर्ट में निजी कंपनी की पार्टी के दौरान दिल्ली की एक युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती कंपनी में काम करती है और कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अन्य कर्मचारियों के साथ रामनगर पहुंची थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दो कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक निजी कंपनी के दस साल पूरे होने पर दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद समेत अलग-अलग जगहों से करीब 40 कर्मचारी रामनगर पहुंचे थे। रविवार शाम कॉन्फ्रेंस के बाद रिजॉर्ट में पार्टी रखी गई थी। इसी दौरान युवती ने अपने साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह कमरे में एक महिला सहकर्मी और दो युवकों के साथ मौजूद थी। आरोप है कि शराब पीने के दौरान महिला सहकर्मी को कमरे से बाहर भेज दिया गया। इसके बाद एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया…जबकि दूसरे युवक पर भी दुष्कर्म की कोशिश करने का आरोप है। युवती की तबीयत बिगड़ने पर मामला सामने आया।

पुलिस ने रिजॉर्ट में मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की है। मामले में करीब 15 लोगों से पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

इस घटना के बाद रामनगर के रिजॉर्ट और होटलों में पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कॉर्बेट नेशनल पार्क के आसपास पर्यटन गतिविधियां बढ़ने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था पर भी ध्यान देने की जरूरत बताई जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि रिजॉर्ट और होटलों में पर्यटकों की पहचान की जांच, सीसीटीवी कैमरे और जरूरी सुरक्षा इंतजाम होने चाहिए। महिला पर्यटकों के ठहरने और सुरक्षा की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाना जरूरी है।

रामनगर में इससे पहले भी एक रिजॉर्ट में पुलिस ने छापेमारी कर 51 युवक-युवतियों को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा था। उस कार्रवाई के दौरान कथित सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ था। पुलिस ने आरोप लगाया था कि पार्टी के लिए दूसरे राज्यों से युवतियों को बुलाया गया था।

ताजा घटना के बाद एक बार फिर रिजॉर्ट में होने वाली पार्टियों और सुरक्षा इंतजामों की निगरानी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *