Someshwar Toilet Issue | Rekha Arya | Almora News : उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की बदहाल स्थिति का मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने महिलाओं को होने वाली परेशानी का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया…जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया और प्रशासन भी सक्रिय हुआ।
बताया गया कि मासिक धर्म के दौरान युवती की एक सहेली को सोमेश्वर बाजार में सार्वजनिक शौचालय की जरूरत पड़ी। बाजार में शौचालय की तलाश के दौरान उन्होंने एक रेस्टोरेंट संचालक से शौचालय इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी….लेकिन उन्हें वहां इसकी सुविधा नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्हें तल्ली बाजार स्थित सार्वजनिक शौचालय जाने की सलाह दी गई।
काफी तलाश के बाद जब वह सार्वजनिक शौचालय पहुंचीं तो वहां की स्थिति देखकर परेशानी और बढ़ गई। आरोप है कि शौचालय में दरवाजा तक नहीं था। ऐसे में उन्हें काफी असहज स्थिति का सामना करना पड़ा।
इस पूरे मामले का वीडियो सोमेश्वर घाटी की एक बेटी ने सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में उन्होंने सवाल उठाया कि जब बाजार में महिलाओं के लिए सुरक्षित और साफ शौचालय की व्यवस्था नहीं है…तो आसपास के गांवों से आने वाली महिलाएं जरूरत पड़ने पर कहां जाएंगी।
उन्होंने कहा कि सोमेश्वर बाजार में रोजाना आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां खरीदारी, इलाज और सरकारी कामों के लिए पहुंचती हैं। सामाजिक झिझक और लोक-लाज के कारण कई महिलाएं ऐसी समस्याओं को खुलकर सामने नहीं रख पातीं।
मामला सामने आने के बाद यह मुद्दा इसलिए भी चर्चा में आया क्योंकि सोमेश्वर क्षेत्र की विधायक और राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का यह गृह क्षेत्र है। मामला मंत्री तक पहुंचने के बाद उन्होंने सोमेश्वर मुख्य बाजार में आधुनिक हाईटेक सार्वजनिक शौचालय बनाने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री की ओर से जिला पंचायती राज अधिकारी, अल्मोड़ा को भेजे गए पत्र में सोमेश्वर घाटी सेवा समूह, ग्राम सुकराड़ और स्थानीय लोगों की ओर से दिए गए संयुक्त पत्र का भी उल्लेख किया गया है।
पत्र में बताया गया कि सोमेश्वर मुख्य बाजार क्षेत्र का प्रमुख व्यापारिक और आवागमन केंद्र है…जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है। सार्वजनिक शौचालय की पर्याप्त सुविधा नहीं होने से महिलाओं के साथ बुजुर्गों और दिव्यांग लोगों को भी परेशानी होती है।
मंत्री ने जनहित, स्वच्छता और लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सोमेश्वर मुख्य बाजार में आधुनिक हाईटेक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इस मामले में एक युवती की सोशल मीडिया पर उठाई गई आवाज ने लंबे समय से चली आ रही सार्वजनिक सुविधा की समस्या को सामने ला दिया है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि प्रस्तावित शौचालय का निर्माण कब तक पूरा होता है।











Leave a Reply